https://cdnjs.cloudflare.com/ajax/libs/font-awesome/4.7.0/css/font-awesome.min.css

Friday, March 12, 2021

आरपीएससी सामान्य ज्ञान प्रश्न - 6

आरपीएससी द्वारा राजस्थान की प्रशासनिक सेवाओं के लिए आयोजित परीक्षाओं में पूछे गए राजस्थान सामान्य ज्ञान (Rajasthan General Knowledge) से जुड़े प्रश्न-उत्तर
 

1. राजस्थान में बेरिलियम उत्पादक दो प्रमुख जिले हैं-
(अ) उदयपुर और जयपुर
(ब) अलवर और झुंझनूं
(स) नागौर और पाली
(द) सिरोही और डूंगरपुर
उत्तर - (अ)
[बेरेलियम एक परमाणु शक्ति खनिज है। यह 'बीरल' नामक मूल खनिज से प्राप्त किया जाता है। बेरेलियम के उत्पादन में उदयपुर जिले का प्रथम स्थान है। प्रदेश में बेरेलियम उत्पादन में दूसरे स्थान पर जयपुर जिला है। देश में राजस्थान के अलावा बिहार, उत्तर प्रदेश, तमिलनाडु भी बेरेलियम उत्पादक राज्य हैं। इस खनिज पदार्थ के क्रय-विक्रय का अधिकार केंद्र सरकार को है।]

2. महाराणा सांगा ने इब्राहिम लोदी को किस युद्ध में परास्त किया था?
(अ) खातोली का युद्ध
(ब) सारंगपुर का युद्ध
(स) सिवाना का युद्ध
(द) खानवा का युद्ध
उत्तर - (अ)
[मेवाड़ के महाराणा सांगा और दिल्ली के सुल्तान इब्राहिम लोदी के मध्य सन् 1518 में खातोली में युद्ध हुआ था। इसमें महाराणा सांगा की विजय हुई। इसके एक वर्ष बाद ही बाड़ी के युद्ध (धौलपुर का युद्ध) में भी महाराणा सांगा ने पुन: इब्राहिम लोदी की सेना को पराजित किया।]

3. 19वीं शताब्दी का प्रथम इतिहासकार जिसने राजस्थान की सामन्तवादी व्यवस्था के बारे में लिखा, वह कौन था?
(अ) कर्नल जेम्स टॉड
(ब) डॉ. एल.पी. टैसीटोरी
(स) जार्ज ग्रीयर्सन
(द) जॉन थॉमस
उत्तर - (अ)
[कर्नल जेम्स टॉड का जन्म 20 मार्च, 1782 ई. को इंग्लैंड के इस्लिंगटन नामक स्थान पर हुआ था। वे मूलत: स्कॉटलैंड के निवासी थे। उन्होंने सन् 1798 में एक सैनिक के रूप में ईस्ट इंडिया कंपनी की सेवा में प्रवेश किया। कर्नल टॉड ने राजस्थान के इतिहास से संबंधित 'एनॉल्स एंड एंटीक्विटीज ऑफ राजस्थान' नामक ग्रंथ की रचना की। कर्नल टॉड ने इस प्रदेश को 'राजस्थान' कहा। टॉड ने राजस्थान के इतिहास पर 1829 में लंदन में प्रकाशित अपने ग्रंथ 'एनॉल्स एण्ड एंटीक्विटीज ऑफ राजस्थान' में इस भौगोलिक प्रदेश के लिए राजस्थान शब्द का प्रयोग किया। इस ग्रन्थ का अन्य नाम 'सेन्ट्रल एण्ड वेस्टर्न राजपूत स्टेट्स ऑफ इण्डिया' भी है।]

4. राजस्थान में प्रथम सहकारी समिति 1905 में स्थापित की गई-

(अ) अजमेर जिले की भिनाय में
(ब) नागौर जिले की जावला में
(स) भीलवाड़ा जिले के गुलाबपुरा में
(द) जयपुर जिले के बस्सी में
उत्तर - (अ)
['एक सबके लिए व सब एक के लिए' सिद्धांत पर आधारित सहकारिता आंदोलन का जन्म सर्वप्रथम जर्मनी में हुआ। लॉर्ड कर्जन के समय भारत में सन् 1904 में 'सहकारी साख अधिनियम' पारित हुआ। सन् 2004 को सहकारी शताब्दी वर्ष घोषित किया गया। राजस्थान में सहकारिता का आरम्भ 1904 में भरतपुर व डीग में कृषि बैंकों की स्थापना के साथ माना जाता है। देशी रियायतों में सर्वप्रथम भरतपुर में सहकारिता कानून वर्ष 1915 में बना। वर्ष 1904 में अजमेर में भी सहकारिता का शुभारंभ हुआ। राज्य में प्रथम सहकारी समिति 26 अक्टूबर, 1905 को भिनाय (अजमेर) में स्थापित की गई।]

5. निम्न में से कौन राजस्थान का अग्रणी शतरंज खिलाड़ी है-
(अ) नाजिर
(ब) नासिर
(स) घोरपड़े
(द) प्रवीण
उत्तर - (ब)
[नासिर अली राजस्थान के प्रसिद्ध शतरंज खिलाड़ी रहे, जो एशियाई शतरंज चैंपियनशिप जीतने वाले भारत के पहले शतरंज खिलाड़ी हैं।]

6. 'अपना गांव, अपना काम' योजना प्रारम्भ की गई-
(अ) 1 दिसम्बर, 1990 को
(ब) 1 जनवरी, 1991 को
(स) 15 अगस्त, 1990 को
(द) 2 अक्टूबर, 1991 को
उत्तर - (ब)
[1 जनवरी, 1991 को राजस्थान में अपना गांव अपना काम योजना का प्रारम्भ हुआ। इस योजना का उद्देश्य गांवों में आत्मनिर्भरता की भावना को उत्पन्न करने के लिए तथा अतिरिक्त रोजगार के अवसर उत्पन्न करके सामुदायिक परिसम्पत्तियों का निर्माण करना है।]

7. राजस्थान के जिस जिले में तेल एवं प्राकृतिक गैस की सम्भावनाएं अच्छी हैं, वह है-
(अ) बाड़मेर
(ब) जालौर
(स) जैसलमेर
(द) गंगानगर
उत्तर - (स)
[मई 1983 में राजस्थान के जैसलमेर में घोटारू नामक स्थान पर प्राकृतिक गैस का विपुल भण्डार पाया गया। मनहीरा टीबा के निकट कमलताल में भी गैस मिली। 1984 में सादेवाला से खनिज तेल के भण्डार मिले। राजस्थान में पेट्रोलियम अन्वेषण एवं विकास को गति प्रदान करने के उद्देश्य से वर्ष 1997 में पृथक रूप से पेट्रोलियम निदेशालय की स्थापना की गई, जिसका मुख्यालय जयपुर रखा गया। यह प्रशासनिक रूप से खान एवं पेट्रोलियम विभाग के अधीन रखा गया है।]

8. 1930 के दशक में भरतपुर में राजनैतिक जागृति का श्रेय किसको जाता है?
(अ) श्री किशनलाल जोशी
(ब) ठाकुर देशराज
(स) पं. रेवतीशरण शर्मा
(द) युगल किशोर चतुर्वेदी
उत्तर - (अ)
[सन् 1930 में भरतपुर में ठाकुर देशराज के साथ किशनलाल जोशी ने राजनैतिक जागृति का कार्य प्रारम्भ किया। गोकुल चन्द्र दीक्षित, मास्टर आदित्येन्द्र, मदन मोहन लाल व गौरीशंकर मित्तल आदि इस जागृति को आगे बढ़ाने में प्रमुख रूप से शामिल थे।]

9. निम्न में से किस योजना में राजस्थान सरकार अनुसूचित जाति व जनजाति के अभ्यर्थियों को अखिल भारतीय सिविल सेवा परीक्षा और राज्य सिविल सेवा परीक्षा पास करने पर वित्तीय प्रोत्साहन देती है?
(अ) पालनहार योजना
(ब) स्वयंसिद्ध योजना
(स) विश्वास योजना
(द) अनुप्रति योजना
उत्तर - (द)
[जनवरी, 2005 में अनुप्रति योजना राजस्थान सरकार द्वारा शुरू की गई। वर्ष 2012 से इस योजना में व्यापक परिवर्तन किए गए जिसके बाद से यह योजना राजस्थान के अनुसूचित जाति/अनुसूचित जनजाति/विशेष पिछडा वर्ग/अन्य पिछडा वर्ग एवं सामान्य वर्ग के बी.पी.एल. परिवारों के प्रतिभावान अभ्यर्थियों को विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाएं जैसे भारतीय सिविल सेवा, राजस्थान सिविल सेवा, आई.आई.टी., आई.आई.एम., सी.पी.एम.टी., एन.आई.टी. एवं राजकीय इन्जीनियरिंग एवं मेडिकल आदि में चयन की तैयारी के लिए आर्थिक सहायता प्रदान कर प्रोत्साहित करती है।]

10. भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद् द्वारा राजस्थान में राष्ट्रीय स्तर के अनुसंधान केंद्र स्थापित किए गए हैं -
(अ) आमेर (जयपुर) व बीछवाल (बीकानेर)
(ब) बस्सी (चित्तौडगढ़़) व मांगरोल (बारां)
(स) दुर्गापुरा (जयपुर) व शाहपुरा (भीलवाड़ा)
(द) तबीजी (अजमेर) व सेवर (भरतपुर)
उत्तर - (द)
[भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद् ने अजमेर के तबीजी में सन् 2000 में राष्ट्रीय बीजीय मसाला अनुसंधान केंद्र की। इससे पहले परिषद् ने 20 अक्टूबर, 1993 में भरतपुर के सेवर में राष्ट्रीय सरसों अनुसंधान केंद्र की स्थापना की थी। फरवरी, 2009 में राष्ट्रीय सरसों अनुसंधान केंद्र का नाम बदलकर सरसों अनुसंधान निदेशालय कर दिया गया।]

11. निम्नलिखित में से कौन-सा कथन सत्य है?
(अ) राष्ट्रीय ऊंट अनुसंधान केंद्र बीकानेर में स्थित है
(ब) राष्ट्रीय अश्व अनुसंधान केंद्र बारां में स्थित है
(स) केंद्रीय पशु नस्ल सुधार केंद्र चित्तौडगढ़़ में स्थित है
(द) केंद्रीय भेड़ नस्ल सुधार केंद्र चूरू में स्थित है
उत्तर - (अ)
[5 जुलाई, 1984 को भारत सरकार ने भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद के अधीन बीकानेर में ऊष्ट्र परियोजना निदेशालय की स्थापना की थी। इसकी स्थापना का शुष्क और अद्र्ध शुष्क क्षेत्रों के समाजिक-आर्थिक विकास में ऊंटों के महत्व को पहचानते हुए की गई। ऊंट अनुसंधान केन्द्र बीकानेर से लगभग 10 किलोमीटर की दूरी पर जोड़बीड़ क्षेत्र में स्थित है जिसे 20 सितंबर, 1995 से  राष्ट्रीय ऊष्ट्र अनुसंधान केंद्र में बदल दिया गया। भारत में एक कूबड़ीय ऊंट मुख्यत: भारत के उत्तर-पश्चिमी शुष्क एवं अद्र्ध शुष्क भाग के सीमांत राज्यों (राजस्थान, गुजरात एवं हरियाणा) में पाए जाते हैं। राष्ट्रीय ऊष्ट्र अनुसंधान केंद्र एक-कूबड़ वाले ऊंटों के साथ ही लद्दाख की नूब्रा घाटी के ठंडे रेगिस्तान में पाए जाने वाले दो कुबड़ीय ऊंटों पर भी अनुसंधान कर रहा है।]

12. राजस्थान के एकीकरण के सप्तम चरण (01 नवम्बर, 1956) में किन क्षेत्रों को सम्मिलित किया गया?
(अ) मत्स्य संघ
(ब) जयपुर
(स) सिरोही
(द) अजमेर और आबू
उत्तर - (द)
[वर्तमान राजस्थान का एकीकरण सात चरणों में संपन्न हुआ था। एकीकरण का कार्य 18 मार्च, 1948 से प्रारंभ हुआ, जो 1 नवंबर, 1956 (सातवां चरण) तक चला। सातवें चरण में अजमेर-मेरवाड़ा, आबू व देलवाड़ा के क्षेत्र तथा मध्य प्रदेश के मंदसौर जिले का सुनेल टप्पा शामिल किए गए। झालावाड़ जिले का सिरोंज उपखंड इस चरण में मध्य प्रदेश में शामिल कर लिया गया।]

13. निम्नलिखित कौनसी राजस्थान की लोक देवी नहीं है?
(अ) छींक माता
(ब) करणी माता
(स) आवरी माता
(द) हिडिम्बा माता
उत्तर - (द)

14. गोपी जी भट्ट राजस्थान की किस लोक नृत्य शैली के कलाकार हैं?
(अ) तमाशा
(ब) स्वांग
(स) रम्मत
(द) नौटंकी
उत्तर - (अ)
['तमाशा' लोकनाट्य श्रेणी की कला है। यह जयपुर खेली जाती है। इसका विकास जयपुर के भट्ट परिवार ने किया। इसके मुखिया बंशीधर भट्ट को सवाई जयसिंह ने आश्रय दिया। फूल जी भट्ट, गोपीजी भट्ट व वासुदेव भट्ट भी इस विधा के प्रसिद्ध कलाकार हैं।]

15. लोकदेवता मल्लीनाथजी का मंदिर कहां पर है?
(अ) तिलवाड़ा (बाड़मेर)
(ब) नगला जहाज (भरतपुर)
(स) साथूं गांव (जालौर)
(द) पाँचोटा गांव (जालौर)
उत्तर - (अ)
[बाड़मेर जिले के तिलवाड़ा गांव में मल्लीनाथजी का प्रमुख मंदिर स्थित है। इनकी स्मृति में चैत्र माह में प्रसिद्ध मल्लिनाथ पशु मेला भरता है। बाड़मेर के मालाणी क्षेत्र का नाम भी इनके नाम पर पड़ा।]

No comments:

Post a Comment