https://cdnjs.cloudflare.com/ajax/libs/font-awesome/4.7.0/css/font-awesome.min.css

Wednesday, May 12, 2021

आरपीएससी सामान्य ज्ञान प्रश्न - 8

आरपीएससी द्वारा राजस्थान की प्रशासनिक सेवाओं के लिए आयोजित परीक्षाओं में पूछे गए राजस्थान सामान्य ज्ञान (Rajasthan General Knowledge) से जुड़े प्रश्न-उत्तर

1. मेजा बांध का निर्माण हुआ है-
(अ) कोठारी नदी पर
(ब) मन्सी नदी पर
(स) पार्वती नदी पर
(द) खारी नदी पर
उत्तर - (अ)
[राजस्थान के राजसमंद जिले के दिवेर की पहाडिय़ों से कोठारी नदी निकलती है। इसके बाद यह राजसमंद व भीलवाड़ा जिलों में बहती हुई नन्दराय (भीलवाड़ा) के निकट बनास नदी में मिल जाती है। इसकी सहायक नदी बहामनी है, जो चौपान गांव में कोठारी नदी में मिलती है। भीलवाड़ा में सन् 1972 में कोठारी नदी पर मेजा बांध बनाया गया। इस बांध से सिंचाई के साथ-साथ भीलवाड़ा को पेयजल उपलब्ध होता है।]

2. 1857 ई. की क्रान्ति में अंग्रेजों व जोधपुर की संयुक्त सेना को पराजित करने वाला था-
(अ) तांत्या टोपे
(ब) टोंक के नवाब वजीर खां
(स) महाराजा राम सिंह
(द) आउवा के ठाकुर कुशाल सिंह
उत्तर - (द)
[आउवा (पाली) 1857 की क्रांति के समय मारवाड़ में विद्रोह का सर्वप्रमुख केन्द्र था। एरिनपुरा छावनी के विद्रोही सैनिकों को आउवा के ठाकुर कुशाल सिंह चम्पावत ने अपना नेतृत्व प्रदान किया। कुशाल सिंह के नेतृत्व में विद्रोही सेना ने जोधपुर व अंग्रेजी सेना को दो युद्धों में पराजित किया।]

3. 25 मार्च सन् 1948 को संयुक्त राजस्थान में जिस रियासत का विलय हुआ, वह थी-
(अ) सिरोही
(ब) भरतपुर
(स) प्रतापगढ़
(द) अलवर
उत्तर - (स)
[25 मार्च, 1948 को राजस्थान के एकीकरण का दूसरा चरण पूरा हुआ था। इस चरण में 9 रियासतें- कोटा, बूंदी, टोंक, झालावाड़, डूंगरपुर, बांसवाड़ा, किशनगढ़, प्रतापगढ़ व शाहपुरा तथा एक ठिकाना (चीफशिप)- कुशलगढ़ का संयुक्त राजस्थान में विलय हुआ। इस दौरान कोटा को राजधानी बनाने के साथ ही महाराव भीम सिंह कोटा को राजप्रमुख और प्रधानमंत्री गोकुललाल असावा को बनाया गया।]

4. राजस्थान का प्रथम चौहान राज्य था-
(अ) अजमेर
(ब) रणथम्भौर
(स) हाड़ौती
(द) नाडोल
उत्तर - (अ)
[चौहानों का मूल स्थान जांगलदेश में सांभर के आस-पास सपादलक्ष था। इनकी प्रारंभिक राजधानी अहिछत्रपुर (वर्तमान नागौर) थी। बिजौलिया अभिलेख के अनुसार चौहान वंश की स्थापना 551 ई. में वासुदेव नामक व्यक्ति ने की। इसी ने सांभर झील का निर्माण करवाया। जयानक के पृथ्वीराज विजय के अनुसार 1113 ई. में अजयराज ने अजयमेरू नगर बसाया और उसे अपनी राजधानी बनाया। तब से तराईन के दूसरे युद्ध (1192) तक अजमेर चौहानों की शक्ति का केन्द्र रहा।]

5. निम्न में से राजस्थान के किस जिले में सर्वाधिक गेहूं पैदा होता है?
(अ) उदयपुर
(ब) जैसलमेर
(स) श्रीगंगानगर
(द) जोधपुर
उत्तर - (स)
[राजस्थान में गेहूं सर्वाधिक श्रीगंगानगर जिले में बोया जाता है व सर्वाधिक उत्पादन भी श्रीगंगानगर में ही होता है। गेहूं बुवाई के समय 8 से 10 डिग्री सेंटीग्रेड तापमान व पकाई के समय 15 से 20 डिग्री सेंटीग्रेड तापमान उपयुक्त होता है।]

6. राजस्थान का दूसरा सबसे बड़ा शहर कौनसा है?
(अ) अजमेर
(ब) उदयपुर
(स) जोधपुर
(द) जैसलमेर
उत्तर - (स)
[राजस्थान का सबसे बड़ा शहर जयपुर है तथा दूसरी सबसे बड़ी सिटी जोधपुर है। जनगणना 2011 के अनुसार जनसंख्या की दृष्टि से राजस्थान का सबसे बड़ा जिला जयपुर (66.26 लाख) तथा दूसरा बड़ा जिला जोधपुर (36.87 लाख) है।]

7. स्वतंत्रता सैनानी एवं शहीद सागरमल गोपा कहां के निवासी थे-
(अ) बीकानेर
(ब) जैसलमेर
(स) जोधपुर
(द) अजमेर
उत्तर - (ब)
[सागरमल गोपा जैसलमेर रियासत में आजादी की अलख जगाने वाले क्रांतिकारी नेता थे। उन्होंने 'जैसलमेर में गुण्डाराज' व 'आजादी के दीवाने' नामक पुस्तकें लिखीं। उनके क्रांतिकारी विचारों व भाषणों से जैसलमेर के महारावल जवाहर सिंह उनके शत्रु बन बैठे। परिणामस्वरूप सागरमल गोपा को कैद कर लिया गया। 3 अप्रैल, 1946 को उन्हें जिन्दा जला दिया और 4 अप्रैल, 1946 को सागरमल गोपा शहीद हो गए।]

8. जयपुर जिले में मानपुरा मांचेड़ी को विकसित किया गया है-
(अ) सॉफ्टवेयर कॉम्पलेक्स के रूप में
(ब) हार्डवेयर कॉम्पलेक्स के रूप में
(स) लेदर (चमड़ा) कॉम्पलेक्स के रूप में
(द) हेण्डीक्राफ्ट कॉम्पलेक्स के रूप में
उत्तर - (स)
[मानपुरा-माचेड़ी नेशनल हाइवे 08 के पास एक गांव है, जहां पर रीको द्वारा लेदर (चमड़ा) कॉम्पलेक्स की स्थापना की गई है।]

9. कितने रजवाड़ों एवं राज्यों के एकीकरण से राजस्थान राज्य बना-
(अ) 18
(ब) 16
(स) 20
(द) 19
उत्तर - (द)
[स्वतंत्रता के समय राजस्थान 19 देशी रियासतों, 3 ठिकानों (चीफशिप)- कुशलगढ़, लावा, नीमराणा तथा चीफ कमिश्नर द्वारा प्रशासित अजमेर-मेरवाड़ा में विभक्त था। स्वतंत्रता के बाद 1950 तक अजमेर-मेरवाड़ा व सिरोही के आबू व देलवाड़ा को छोड़कर शेष सभी क्षेत्रों का एकीकरण हो गया था। राजस्थान का एकीकरण 1948 से 1956 तक सात चरणों में सम्पन्न हुआ। 1 नवम्बर, 1956 को राजस्थान का वर्तमान स्वरूप अस्तित्व में आया।]

10. शेखावाटी के प्रसिद्ध नृत्य का नाम है-
(अ) घूमर
(ब) गींदड़
(स) घेर
(द) तेरह ताली
उत्तर - (ब)
[गींदड़ शेखावाटी क्षेत्र का प्रमुख स्वांग नृत्य है। यह होली के दिनों में किया जाता है। इस नृत्य में महिलाओं की भूमिका भी पुरुष ही करते हैं। प्रारम्भ में नगाड़ची के मण्डप के बीच प्रार्थना तथा ताल, सुर व नृत्य तीनों का अनुपम योग देखने को मिलता है।]

11. राजस्थान में ऊंट के बीमार होने पर किस देवता की पूजा की जाती है?
(अ) गोगाजी
(ब) तेजाजी
(स) पाबूजी
(द) केसरिया कुंवर
उत्तर - (स)
[लोकदेवता पाबूजी का जन्म कोलूमण्ड (फलौदी, जोधपुर) में हुआ। वे 'लक्ष्मण के अवतारÓ, 'प्लेग रक्षक देवता' व 'ऊंटों के देवता' के रूप में प्रसिद्ध हैं। मारवाड़ में ऊंट लाने का श्रेय पाबूजी को दिया जाता है। ऊंट पालक जाति राईका पाबूजी को अपना आराध्य मानती है। पाबूजी की घोड़ी का नाम केसर कालमी है। 'पाबूजी की फड़' नायक जाति के भोपों द्वारा रावणहत्था वाद्य यंत्र के साथ बांची (पढ़ी) जाती है तथा 'पाबूजी के पवाड़े' माठ वाद्य के साथ रेबारी व नायक जाति द्वारा गाए जाते हैं।]

12. सागवान-रोपण हेतु सबसे उपयुक्त जिले हैं-
(अ) भरतपुर एवं अलवर
(ब) श्रीगंगानगर एवं बीकानेर
(स) जालोर एवं सिरोही
(द) बांसवाड़ा एवं उदयपुर
उत्तर - (द)
[सागवान वन 75 से 110 से.मी. वार्षिक वर्षा वाले क्षेत्रों में पाए जाते हैं। उदयपुर, बांसवाड़ा के अतिरिक्त प्रतापगढ़, आबू पर्वत (सिरोही) व बारां जिलों में भी सागवान के वृक्ष रोपे जा सकते हैं।]

13. संलग्न राज्यों का जिला जो प्रत्यक्षत: राजस्थान को छूता नहीं है-
(अ) भटिण्डा
(ब) भिवानी
(स) भुज
(द) झाबुआ
उत्तर - (अ)
[राजस्थान के पड़ोसी राज्यों के निम्न जिले हैं, जो प्रत्यक्षत: राजस्थान सीमा को छूते हैं-
मध्य प्रदेश- झाबुआ, रतलाम, मंदसौर, श्योपुर, नीमच, राजगढ़, गुना, शिवपुरी, शाजापुर व मुरैना (10)
हरियाणा- मेवात, रेवाड़ी, गुडग़ांव, महेन्द्रगढ़, भिवानी, हिसार, सिरसा व फतेहाबाद (7)
गुजरात- कच्छ, बनासकांठा, साबरकांठा, पंचमहल व दाहोद (5)
पंजाब- फाजिल्का, मुक्तसर (2 जिले)
उत्तर प्रदेश- आगरा, मथुरा (2)]

14. निम्न में से कौनसा बांध मिट्टी से बना है-
(अ) मेजा
(ब) पांचना
(स) जाखम
(द) जवाई
उत्तर - (ब)
[पांचना बांध करौली के गुड़ला गांव में स्थित है। यह राजस्थान में मिट्टी से बना सबसे बड़ा बांध है। इसमें पांच नदियों- भद्रावती, अटा, माची, बरखेड़ा व भैंसावट नदियों का पानी आता है। एक किलोमीटर लम्बे इस बांध का निर्माण 1979-80 में करवाया गया। इससे गंगापुर सिटी, हिण्डौन, नादौती, टोडाभीम आदि तहसीलों में 9980 हैक्टेयर भूमि पर सिंचाई होती है।]

15. राजस्थान में तांबे का विशाल भण्डार स्थित है-
(अ) डीडवाना क्षेत्र में
(ब) बीकानेर क्षेत्र में
(स) उदयपुर क्षेत्र में
(द) खेतड़ी क्षेत्र में
उत्तर - (द)
[देश में  तांबा उत्पादन की दृष्टि से राजस्थान का दूसरा स्थान है। राजस्थान में प्रमुख तांबा उत्पादक क्षेत्र हैं- खेतड़ी - सिंघाना क्षेत्र (झुंझुनूं), खो-दरीबा क्षेत्र (अलवर), देलवाड़ा-करावली व अंजली क्षेत्र (उदयपुर), बीदासर (बीकानेर) और आबू रोड (सिरोही)
केन्द्र सरकार ने 9 नवम्बर, 1967 को इस्पात एवं खान मंत्रालय के अधीन हिन्दुस्तान कॉपर लिमिटेड (॥ष्टरु) का सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रम के रूप में गठन किया। खेतड़ी कॉपर प्रोजेक्ट इसी की एक इकाई है।]

No comments:

Post a Comment