https://cdnjs.cloudflare.com/ajax/libs/font-awesome/4.7.0/css/font-awesome.min.css

Tuesday, July 6, 2021

आरपीएससी सामान्य ज्ञान प्रश्न - 9

आरपीएससी द्वारा राजस्थान की प्रशासनिक सेवाओं के लिए आयोजित परीक्षाओं में पूछे गए राजस्थान सामान्य ज्ञान (Rajasthan General Knowledge) से जुड़े प्रश्न-उत्तर

1. राजस्थान में राजनीतिक चेतना को सर्वप्रथम जन्म देने वाले थे-
(अ) विजय सिंह पथिक
(ब) अर्जुन लाल सेठी
(स) सेठ दामोदर दास
(द) सहसमल बोहरा
उत्तर - (ब)
[9 सितम्बर, 1880 को जयपुर में अजुर्नलाल सेठी का जन्म हुआ था। क्रान्तिकारी विचारों के धनी सेठी ने देश सेवा के लिए आई.सी.एस. जैसा उच्च स्वीकार नहीं किया। अर्जुनलाल सेठी जयपुर रियासत में जनजागृति के जनक कहे जाते हैं। इन्होंने जैन प्रचार समिति तथा सन् 1907 में जयपुर में जैन वर्धमान विद्यालय की स्थापना की, जिसमें क्रांतिकारियों को प्रशिक्षण भी दिया जाता था। प्रताप सिंह बारहठ, मोतीचन्द, माणकचन्द, विष्णुदत्त आदि ने इसी विद्यालय में क्रांतिकारी शिक्षा प्राप्त की थी। इन्होंने 'महेन्द्र कुमार', 'मदन पराजय', 'पार्श्व यज्ञ' आदि कृतियों की रचना की। दिसम्बर, 1941 को अजमेर में इनका निधन हो गया।]

2. पन्नाधाय एवं दुर्गादास के जीवन से जो विशेष प्रेरणा मिलती है, वह है-
(अ) धोखा न देने को
(ब) सेवा भावना की
(स) देश के लिए बलिदान की
(द) साहस एवं धैर्य की
उत्तर - (स)
[पन्नाधाय चित्तौड़ के राणा सांगा के पुत्र उदयसिंह की धाय मां थीं। उन्होंने अपने पुत्र चन्दन को उदयसिंह के स्थान पर सुलाकर उदयसिंह को बनवीर के हाथों हत्या होने से बचा लिया। बनवीर ने चन्दन को उदयसिंह समझकर उसकी हत्या कर दी। इस तरह पन्नाधाय ने स्वामीभक्ति, त्याग व बलिदान का आदर्श प्रस्तुत किया।
वीर दुर्गादास मारवाड़ नरेश जसवंत सिंह के वीर सेनानायक थे। उन्होंने अपनी सूझबूझ से जसवंत सिंह की पत्नी एवं पुत्र अजीत सिंह को औरंगजेब की कैद से मुक्त करवाया। दुर्गादास को 'राठौड़ों का यूलीसीस' कहा जाता है। दुर्गादास का जन्म 13 अगस्त, 1638 को महाराजा जसवंत सिंह के मंत्री आसकरण के यहां सालवा गांव में हुआ। दुर्गादास का निधन उज्जैन में क्षिप्रा नदी के तट पर 22 नवम्बर, 1718 को हुआ। उज्जैन में क्षिप्रा नदी तट पर ही वीर दुर्गादास की समाधि बनी है।]

3. स्थान, जो अपने मृदा शिल्प के लिए विख्यात है:
(अ) कैथून
(ब) सांगानेर
(स) कुचामन
(द) मोलेला
उत्तर - (द)
[मोलेला गांव राजस्थान के राजसमंद जिले में स्थित है। इस गांव को मृण शिल्प गांव कह सकते हैं। टेराकोटा आर्ट विश्व प्रसिद्ध है। यहां के कई कलाकार अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी कला का प्रदर्शन कर चुके हैं। इस कला से प्रभावित होकर कई विदेशी सैलानी इस गांव में यह कला सीखने आते हैं।]

4. प्रसिद्ध भक्त कवियत्री मीरा के पति का नाम था-
(अ) राणा रतन सिंह
(ब) राजकुमार भोजराज
(स) राणा उदयसिंह
(द) राणा सांगा
उत्तर - (ब)
[1516 ई. में मीरा बाई का विवाह मेवाड़ महाराणा सांगा (संग्राम सिंह) के बड़े पुत्र भोजराज के साथ हुआ था। भोजराज हाड़ा रानी कर्मावती के पुत्र थे। विवाह के कुछ समय बाद ही भोजराज की मृत्यु हो गई। इसके बाद मीरा कृष्ण भक्ति में लीन हो गई। मीरा को 'राजस्थान की राधा' भी कहा जाता है।]

5. कितने रजवाड़ों एवं राज्यों के एकीकरण से राजस्थान राज्य बना-
(अ) 18    
(ब) 16
(स) 20    
(द) 19
उत्तर - (द)
[स्वतंत्रता के समय राजस्थान 19 देशी रियासतों, 3 ठिकानों (चीफशिप)- कुशलगढ़, लावा, नीमराणा तथा चीफ कमिश्नर द्वारा प्रशासित अजमेर-मेरवाड़ा में विभक्त था। राजस्थान का एकीकरण 1948 से 1956 तक सात चरणों में सम्पन्न हुआ। 1 नवम्बर, 1956 को राजस्थान का वर्तमान स्वरूप अस्तित्व में आया।]

6. क्षेत्रपाल राजस्थान की संस्कृति में एक महत्वपूर्ण पहलू रहा है :
(अ) ग्राम अधिकारी के रूप में
(ब) एक उपासक के रूप में
(स) एक संत के रूप में
(द) ग्राम देवता के रूप में
उत्तर - (द)

7. 'मावट' जिससे होती है, वह है :
(अ) दक्षिणी-पूर्वी मानसून
(ब) उत्तरी-पूर्वी मानसून
(स) पश्चिमी विक्षोभ
(द) उत्तरी-पश्चिमी मानसून
उत्तर - (स)
[शीतकाल यानी सर्दी में होने वाली बरसात को मावट/माघठ/महावट कहा जाता है। सर्दऋतु में होने वाली मावट की वर्षा का उद्गम स्थल भूमध्य सागर से उठने वाले पश्चिमी विक्षोभ है।]

8. गलत युग्म को चुनिए :
जल राशि - स्थान (जिला)
(अ) चांद बावड़ी - दौसा
(ब) घड़सीसर - बीकानेर
(स) गेप सागर - डूंगरपुर
(द) कायलाना - जोधपुर
उत्तर - (ब)
[घड़सीसर सरोवर जैसलमेर में सोनारगढ़ से 2 किमी पूर्व में स्थित है। इसका निर्माण 1156 ई. में महारावल जैसल द्वारा कराया गया। सन् 1361 में महारावल घड़सी द्वारा सरोवर का जीर्णोद्धार करवाया गया। उन्हीं के नाम पर यह तालाब घड़सीसर कहलाने लगा। सरोवर के मध्य में जलमहल व छतरियां बनी हैं।]

9. रणछोड़भाई रेबारी के बारे में कौनसा एक सही नहीं है?
(अ) उन्हें राष्ट्रपति पदक प्रदान किया गया
(ब) वे भरतीय सेना में सिपाही थे
(स) गुजरात के सुई गांव की अंतरराष्ट्रीय चौकी का नाम रणछोड़दास चौकी रखा गया है
(द) 2013 में उसकी 112 वर्ष की आयु में मृत्यु हुई
उत्तर - (ब)
[अकेले 1200 पाकिस्तानियों को धूल चटाने वाले रणछोड़ भाई रेबारी का देहावसान 112 वर्ष की अवस्था में हो गया। आपको पगी के नाम से जाना जाता था। रणछोड़ भाई का जन्म पाकिस्तान के घरपारकर जिला गढड़ो (पीठासर) में हुआ था। विभाजन के समय पगी शरणार्थी के रूप में भारत आये थे। वह भारतीय सेना के लिए मार्गदर्शक का कार्य करते थे।]

10. चूंपा नामक आभूषण कहां पहना जाता है?
(अ) हाथ
(ब) दांत
(स) अंगुली
(द) नाक
उत्तर - (ब)
[चूंपा नामक आभूषण दांत में पहना जाता है। चोंप नामक आभूषण नाक में पहना जाता है।]

11. 'पृथ्वीराज विजय' का लेखक कौन है?
(अ) चन्द बरदाई
(ब) पृथ्वीराज चौहान
(स) जयानक
(द) नयनचंद सूरि
उत्तर - (स)
[पृथ्वीराज विजय महाकाव्य की रचना संस्कृत भाषा में जयानक ने की। इस ग्रंथ में पृथ्वीराज चौहान की उपलब्धियों का विवेचन है। चन्द बरदाई ने 'पृथ्वीराज रासो' तथा नयनचन्द्र सूरी ने 'हम्मीर महाकाव्य' नामक ग्रंथों की रचना की।]

12. भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान एवं राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय राजस्थान में कहां स्थित हैं?
(अ) जोधपुर
(ब) क्रमश: कोटा एवं जोधपुर
(स) क्रमश: जोधपुर एवं उदयपुर
(द) उदयपुर
उत्तर - (अ)

13. राजस्थान साहित्य की कौनसी श्रेणी कहानी या कथा विधा से सम्बन्धित है?
(अ) वात
(ब) वेलि
(स) वचनिका
(द) विगत
उत्तर - (अ)
[वात का अर्थ है-कथा या कहानी। वात साहित्य कहानी या कथा के रूप में रचित होता है। राजस्थान में ऐतिहासिक, पौराणिक, प्रेमपरक व काल्पनिक कथानकों पर वात साहित्य की रचना हुई।]

14. राजस्थान के लोक नृत्य एवं उसके प्रचलन क्षेत्र के सम्बन्ध में निम्नलिखित में कौनसा युग्म सही नहीं है?
(अ) गींदड़ नृत्य : शेखावाटी
(ब) ढोल नृत्य : जालौर
(स) बमरसिया नृत्य : बीकानेर
(द) डांडिया नृत्य : मारवाड़
उत्तर - (स)
[बमरसिया नृत्य अलवर, भरतपुर क्षेत्र में प्रचलित है। शेखावाटी क्षेत्र के सुजानगढ़, चूरू, रामगढ़, लक्ष्मणगढ़, झुंझुनूं, सीकर और आसपास के क्षेत्रों में होली के त्योहार पर गींदड़ नृत्य किया जाता है। यह पुरुषों द्वारा किया जाने वाला नृत्य है।
जालौर का ढोल-नृत्य भीनमाल के सांचलिया सम्प्रदाय में विवाह के अवसर पर किया जाता है। माली, ढोली, सरगड़ा और भील समाज में ढोल नृत्य प्रचलित है। मारवाड़ के डांडिया नृत्य में 10-15 पुरुष विभिन्न प्रकार की वेशभूषा में स्वांग भरकर गोले में डंडियों को आपस में टकराते हुए नृत्य करते हैं।]

15. राजस्थान की बोली एवं क्षेत्र के सम्बन्ध को ध्यान में रखते हुए निम्नलिखित में से गलत युग्म को पहचानिए-
(अ) टोंक : ढूंढाड़ी
(ब) पाली : बागड़ी
(स) बारां : हाडौती
(द) करौली : मेवाती
उत्तर - (ब)
[पाली जिले में गौड़वाड़ी व मारवाड़ी भाषाएं बोली जाती है। बागड़ी भाषा बागड़ क्षेत्र (डूंगरपुर, बांसवाड़ा का क्षेत्र) में बोली जाती है। कोटा, बूंदी, बारां व झालावाड़ का क्षेत्र हाड़ा राजपूतों द्वारा शासित होने के कारण 'हाड़ौती' कहलाया। यहां की बोली का नाम हाड़ौती है, जो ढूंढ़ाड़ी की ही एक उपबोली है। अलवर-भरतपुर जिलों के क्षेत्र को मेवात और यहां की बोली 'मेवाती' कही जाती है। जयपुर, किशनगढ़, टोंक, लावा एवं अजमेर-मेरवाड़ा के पूर्वी अंचलों में बोली जाने वाली भाषा ढूंढ़ाड़ी कहलाती है।]

No comments:

Post a Comment