आरपीएससी द्वारा राजस्थान की प्रशासनिक सेवाओं के लिए आयोजित परीक्षाओं में पूछे गए राजस्थान सामान्य ज्ञान (Rajasthan General Knowledge) से जुड़े प्रश्न-उत्तर
1. बांसवाड़ा तथा कोटा के अतिरिक्त किस अन्य शहर में टसर विकास कार्यक्रम चल रहा है?
(अ) जयपुर
(ब) उदयपुर
(स) जोधपुर
(द) अजमेर
उत्तर - (ब)
[राजस्थान में रेशम कृषि को बढ़ावा देने के लिए मुख्यमंत्री टसर विकास कार्यक्रम प्रारम्भ किया गया है। यह कार्यक्रम उदयपुर, कोटा व बांसवाड़ा जिलों में संचालित है।]
2. सास-बहू का मन्दिर स्थित है-
(अ) अरथूना में
(ब) नागदा में
(स) सोमनाथ में
(द) आहड़ में
उत्तर - (ब)
[मेवाड़ के गुहिलवंशी शासकों की प्रारंभिक राजधानी नागदा थी। इसे सुल्तान इल्तुतमिश ने नष्ट कर दिया था। इसके बाद चित्तौडगढ़़ को राजधानी बनाया गया। नागदा में 10वीं शताब्दी का सास-बहू का मंदिर प्रसिद्ध है। इस मन्दिर का वास्तविक नाम सहस्रबाहु का मंदिर है। यह महागुर्जर शैली (सोलंकी) में बना है।]
3. राजस्थान में भूरी मिट्टी का प्रसार क्षेत्र है-
(अ) बनास नदी का प्रवाह-क्षेत्र
(ब) राजस्थान का दक्षिणी भाग
(स) हाड़ौती-पठार
(द) अरावली के दोनों तरफ के भाग
उत्तर - (अ)
[राजस्थान में भीलवाड़ा, अजमेर, सवाई माधोपुर व टोंक जिलों में भूरी मिट्टी मिलती है, जो मुख्यत: बनास नदी का प्रवाह क्षेत्र है। यह मिट्टी कृषि के लिए उपयुक्त है। भूरी मिट्टी में नाइट्रोजन व फॉस्फोरस तत्वों का अभाव होता है।]
4. जयपुर राज्य के कारखाने का नाम जहां कलाकार चित्र और लघु चित्र बनाते थे -
(अ) तोषाखाना
(ब) सुतरखाना
(स) सुरतखाना
(द) जवाहरखाना
उत्तर - (स)
[जयपुर रियासत में 'सुरतखाना' नामक कारखाने में चित्र बनाए जाते थे। साहिबराम जयपुर शैली के प्रसिद्ध चित्रकार थे, जिन्होंने महाराजा ईश्वरीसिंह का आदमकद चित्र बनाया। इस शैली के अन्य चित्रकारों में मुहम्मदशाह, सालिगराम, रामजीदास, लक्ष्मणदास, गोपालदास, घासीराम आदि उल्लेखनीय थे। इस शैली में 'हाथियों की लड़ाई' के अधिक चित्र बने हैं। यह मुगल चित्र शैली से अत्यधिक प्रभावित राजस्थान की एकमात्र शैली थी। सवाई प्रतापसिंह के काल को 'जयपुर शैली का स्वर्णकाल' माना जाता है।]
5. राजस्थान के वे जिले जो अन्तर्राष्ट्रीय सीमा पर अवस्थित हैं-
(अ) गंगानगर, बीकानेर, जैसलमेर एवं बाड़मेर
(ब) गंगानगर, जोधपुर, जैसलमेर एवं जालौर
(स) गंगानगर, बीकानेर, जोधपुर एवं जालौर
(द) जालौर, जैसलमेर, बाड़मेर एवं बीकानेर
उत्तर - (अ)
[राजस्थान के उत्तरी-पश्चिमी चार जिले- गंगानगर (210 किमी), बीकानेर (168 किमी), जैसलमेर (464 किमी) और बाड़मेर (228 किमी) पाकिस्तान से लगती अन्तर्राष्ट्रीय सीमा पर स्थित हैं। इसकी कुल लम्बाई 1070 किमी और इसका नाम रेडक्लिफ रेखा है। सबसे नजदीक मुख्यालय गंगानगर तथा सबसे दूर बीकानेर का है।]
6. मध्यकालीन राजस्थान के किस शासक को 'अभिनव भरताचार्य' के नाम से भी पुकारा गया है?
(अ) पृथ्वीराज चौहान
(ब) महाराणा कुम्भा
(स) सवाई जयसिंह
(द) महाराजा मानसिंह
उत्तर - (ब)
[महाराणा कुम्भा (1433-1468) मेवाड़ के कुशल योद्धा, कूटनीतिज्ञ, विद्वान और निर्माता शासक थे। कुम्भा ने ही राजस्थान के 84 दुर्गों में से 32 दुर्गों का निर्माण करवाया था। सन् 1437 में कुम्भा ने मालवा विजय के उपलक्ष्य में चित्तौड़ में प्रसिद्ध विजय स्तम्भ का निर्माण करवाया, जिसमें नौ मंजिलें हैं। कीर्ति स्तम्भ प्रशस्ति में कुम्भा को 'अभिनव भरताचार्य' कहा गया है। कुंभा ने संगीत शा के अनेक ग्रंथ लिखे जिनमें प्रमुख हैं- संगीत राज, संगीत मीमांसा, सूड़ प्रबंध व रसिक प्रिया की टीका।]
7. 'वीर भारत समाज' किसने स्थापित किया?
(अ) जोरावर सिंह बारहट
(ब) गोकुल दास असावा
(स) मास्टर आदित्येन्द्र
(द) विजय सिंह पथिक
उत्तर - (द)
[वीर भारत समाज की स्थापना विजय सिंह पथिक ने की थी। उनका मूल नाम भूप सिंह था। विजय सिंह पथिक ने बिजौलिया किसान आंदोलन में भाग लिया और उसे अपना नेतृत्व प्रदान किया। विजय सिंह गणेश शंकर विद्यार्थी के क्रांतिकारी गुट के सदस्य थे। पथिकजी ने 1921 में अजमेर में 'नवीन राजस्थान' नामक समाचार पत्र निकाला, जिसका नाम बाद में 'तरुण राजस्थान' पड़ा।]
8. राजस्थान में 'मावठ' सम्बन्धित है-
(अ) पश्चिमी विक्षोभों से
(ब) दक्षिणी-पश्चिमी मानसून से
(स) बंगाल की खाड़ी के चक्रवातों से
(द) उत्तरी-पूर्वी मानसून से
उत्तर - (अ)
[शीत ऋतु में होने वाली वर्षा मावट या मावठ कहलाती है। यह भूमध्य सागरीय चक्रवातों से या पश्चिमी विक्षोभों से होती है। मावठ रबी की फसल के लिए बहुत अधिक फायदेमंद होती है।]
9. राजस्थान के कौनसे क्षेत्र में चैत्र-शुक्ल पंचमी को 'गुलाबी गणगौर' मनायी जाती है?
(अ) बूंदी
(ब) नाथद्वारा
(स) जोधपुर
(द) उदयपुर
उत्तर - (ब)
[राजस्थान में तीज व गणगौर के प्रसिद्ध त्यौहारों में बूंदी का कजली तीज, नाथद्वारा में गुलाबी गणगौर, जयपुर में तीज व गणगौर के त्यौहार प्रसिद्ध है। राजसमंद जिले के नाथद्वारा में गुलाबी गणगौर महोत्सव चार दिन तक मनाया जाता है। श्रीजी मंदिर गोवर्धन पूजा चौक से गुलाबी गणगौर की सवारी निकाली जाती है।]
10. राजस्थानी साहित्य की एक प्रारंभिक रचना 'हंसावली' रचित है
(अ) श्रीधर व्यास द्वारा
(ब) हेमचंद्र द्वारा
(स) ईसरदास द्वारा
(द) असाईत द्वारा
उत्तर - (द)
[असाईत रचित 'हंसावली' का रचनाकाल 1370 ई. माना जाता है। राजस्थानी में रचित यह प्रारंभिक रचना प्रेमाख्यानक परम्परा की कृति है। कवि असाइत ने प्राचीन राजस्थानी में लिखित इस कृति का रचना स्रोत विक्रम एवं प्रेम कथा को माना है।]
11. राजस्थान सरकार द्वारा पहली वन नीति का अनुमोदन कब किया गया?
(अ) मार्च 2011
(ब) सितंबर 2011
(स) फरवरी 2010
(द) अगस्त 2010
उत्तर - (स)
[राजस्थान में नई वन नीति की घोषणा 18 फरवरी, 2010 को की गई। राजस्थान ऐसी नीति जारी करने वाला देश का पहला राज्य था।]
12. राजपूतों के किस वंश ने जयपुर रियासत पर शासन किया था?
(अ) सिसोदिया
(ब) कछवाहा
(स) राठौर
(द) हाडा
उत्तर - (ब)
[कच्छवाहा वंश के नरवर के शासक सोढ़ सिंह के पुत्र दुल्हेराय ने सन् 1137 में रामगढ़ (ढूंढाड़) के मीणों को तथा बाद में दौसा में बडग़ूजरों को हराकर कछवाहा वंश का राज्य स्थापित किया। दूल्हेराय के पौत्र काकिल देव ने सन् 1207 में आमेर के मीणाओं को परास्त कर अपने राज्य में मिला लिया व उसे अपनी राजधानी बनाया। तब से आमेर सन् 1727 तक इस वंश की राजधानी रहा। सवाई जयसिंह ने सन् 1727 में जयपुर की स्थापना की और उसे अपनी राजधानी बनाया। कछवाहा वंश के राजपूत स्वयं को भगवान रामचन्द्र के पुत्र कुश का वंशज मानते हैं।]
13. राजस्थान का ग्रामीण बिश्नोई सम्प्रदाय किस लोक-देवता का अनुयायी है?
(अ) हरभुजी
(ब) मेहाजी
(स) जांभोजी
(द) पाबूजी
उत्तर - (स)
[जांभोजी का जन्म भाद्रपद कृष्णा अष्टमी संवत 1508 (1451 ई.) को पंवार वंशीय राजपूत के घर पीपासर (नागौर) गांव में हुआ। जांभोजी ने 1485 ई. में विश्नोई सम्प्रदाय की स्थापना की। इस सम्प्रदाय की प्रमुख पीठ मुकाम-तालवा (नोखा, बीकानेर) में है। यहीं पर जांभोजी की समाधि बनी है। इन्होंने अपने अनुयायियों को 29 नियमों के पालन का उपदेश दिया। इनका प्रमुख कार्यस्थल सम्भराथल (बीकानेर) था। जांभोजी ने जम्भसागर, जंभसंहिता, विश्नोई धर्म प्रकाश ग्रंथों की रचना की।]
14. राजस्थान में सुपर क्रिटिकल तापीय विद्युत गृह स्थित हैं -
(अ) माही डेम व जवाहर सागर डेम पर
(ब) रावतभाटा व राणा प्रताप सागर डेम पर
(स) छबड़ा व सूरतगढ़ में
(द) छबड़ा व रावतभाटा में
उत्तर - (स)
[छबड़ा सुपर क्रिटिकल तापीय विद्युत परियोजना बारां जिले में है। सूरतगढ़ सुपर क्रिटिकल तापीय विद्युत परियोजना का शिलान्यास 20 जून, 2013 को किया गया।]
15. राजस्थान में 'झामर कोटडा' क्षेत्र निम्न में से किस खनिज से सम्बन्धित है?
(अ) सीसा एवं जस्ता
(ब) मैंगनीज
(स) रॉक फास्फेट
(द) चांदी
उत्तर - (स)
[रॉक फास्फेट का उपयोग रासायनिक खाद बनाने में किया जाता है। राजस्थान भारत का लगभग 90 प्रतिशत रॉक फास्फेट उत्पादित करता है। अत: इस खनिज के उत्पादन में राजस्थान का एकाधिकार है। रॉक फास्फेट के उत्पादन में उदयपुर जिले का राजस्थान में प्रथम स्थान है। यहां 'झामर कोटड़ा' रॉक फास्फेट उत्पादन की सबसे बड़ी खान है।]
Saturday, March 6, 2021
आरपीएससी सामान्य ज्ञान प्रश्न - 4
Subscribe to:
Post Comments (Atom)
No comments:
Post a Comment