https://cdnjs.cloudflare.com/ajax/libs/font-awesome/4.7.0/css/font-awesome.min.css

Thursday, March 11, 2021

आरपीएससी सामान्य ज्ञान प्रश्न - 5

आरपीएससी द्वारा राजस्थान की प्रशासनिक सेवाओं के लिए आयोजित परीक्षाओं में पूछे गए राजस्थान सामान्य ज्ञान (Rajasthan General Knowledge) से जुड़े प्रश्न-उत्तर


1. निम्नलिखित में से कौनसा एक अरावली का उच्चतम शिखर है?
(अ) सज्जनगढ़
(ब) लीलागढ़
(स) कुम्भलगढ़
(द) तारागढ़
उत्तर - (स)
[प्रस्तुत विकल्पों में से उच्चतम शिखर पर कुम्भलगढ़ है। कुम्भलगढ़ जरगा की पहाडिय़ों पर स्थित है। जरगा का उच्चतम शिखर 1431 मीटर पर है। वैसे राजस्थान की सर्वोच्च पर्वत चोटी गुरु शिखर है, जिसकी ऊंचाई 1722 मीटर है।]

2. राजस्थान के किस प्रदेश में एन्टिसोल समूह की मृदा मिलती है?
(अ) पूर्वी
(ब) पश्चिमी
(स) दक्षिणी-पूर्वी
(द) दक्षिणी
उत्तर - (ब)
[राजस्थान के लगभग सभी पश्चिमी जिलों में एन्टिसोल समूह की मृदाएं पाई जाती हैं। इनका रंग प्राय: हल्का पीला भूरा होता है।]

3. राजस्थान राज्य में पहला द्रोणाचार्य पुरस्कार किसे प्राप्त हुआ?
(अ) गोपाल सैनी
(ब) करण सिंह
(स) परमजीत सिंह
(द) रिपुदमन लिंब
उत्तर - (ब)
[द्रोणाचार्य पुरस्कार : इसे वर्ष 1985 में आरंभ किया गया। इसमें उन विख्यात कोचों को सम्मानित किया जाता है जिन्होंने खिलाडिय़ों और टीमों को सफलतापूर्वक प्रशिक्षित किया है और उन्हें अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट परिणाम प्राप्त करने में समर्थ बनाया है।]

4. राजस्थान राज्य का क्षेत्रफल लगभग है -
(अ) 2.8 लाख वर्ग किमी.
(ब) 3.4 लाख वर्ग किमी
(स) 4.5 लाख वर्ग किमी
(द) 5.7 लाख वर्ग किमी
उत्तर - (ब)
[राजस्थान क्षेत्रफल की दृष्टि से देश का सबसे बड़ा राज्य है। इसका क्षेत्रफल 3,42,239 वर्ग किलोमीटर है। राजस्थान में भारत के कुल क्षेत्र का 10.41 प्रतिशत भूभाग है। राजस्थान की आकृति विषमकोणीय चतुर्भुजाकार या पतंग के समान है।]

5. निम्न खनिजों में किसके लिए राजस्थान को देश में एकाधिकार प्राप्त है?
(अ) सीसा-जस्ता
(ब) अभ्रक
(स) मैंगनीज
(द) तांबा
उत्तर - (अ)
[सीसा-जस्ता उत्पादन में राजस्थान का देश में प्रथम स्थान है। उदयपुर के जावर, देबारी, मोचिया-मगरा, भीलवाड़ा के रामपुरा-आंगूचा व सवाई माधोपुर के चौथ का बरवाड़ा क्षेत्र प्रमुख सीसा-जस्ता उत्पादक क्षेत्र हैं। जस्ता गलाने के लिए हिन्दुस्तान जिंक लिमिटेड ने देबारी (उदयपुर) व चंदेरिया (चित्तौडगढ़़) में स्मेल्टर प्लांट (शोधन इकाइयां) स्थापित किए हैं।]

6. निम्न में कौनसा अर्द्ध-दुर्लभ/दुर्लभ पत्थर राजस्थान में प्रचुरतम मात्रा में पाया जाता है?
(अ) नीलम
(ब) मानिक
(स) फीरोजा
(द) सुलेमानी पत्थर
उत्तर - (ब)
[राजस्थान में सर्वाधिक मात्रा में पाया जाने वाला माणक पत्थर (रूबी) लाल व गुलाबी रंग का होता है।]

7. राजस्थान में कहां पर प्रसिद्ध मीनाकारी गहने बनाए जाते हैं?
(अ) जयपुर
(ब) जोधपुर
(स) उदयपुर
(द) भरतपुर
उत्तर - (अ)
[राजस्थान में जयपुर की मीनाकारी विश्व प्रसिद्ध है। मूल्यवान रत्नों पर मीनों की सहायता से सोने-चांदी के आभूषणों पर चित्रकारी तथा रंग भरने की कला को मीनाकारी कहा जाता है। इस कला का उद्भव पर्शिया (ईरान) से माना जाता है। मुगलों के समय यह कला भारत आई। जयपुर के शासक सवाई जयसिंह इस कला को लाहौर से जयपुर लाए।]

8. 4000 वर्ष पुरानी सभ्यता के पुरातात्विक अवशेष उदयपुर के समीप एक गांव में पाए गए हैं, वह गांव है-
(अ) जगत
(ब) देलवाड़ा
(स) एकलिंगजी
(द) आहड़
उत्तर - (द)
आहड़ (उदयपुर) का प्राचीन नाम ताम्रवती नगरी था। इसका स्थानीय नाम धूलकोट है। 10वीं-11वीं शताब्दी में यह आधारपुर (आधार दुर्ग) के नाम से भी जाना जाता था। यह उदयपुर के निकट बनास की सहायक आयड़ या आहड़ नदी के किनारे स्थित है। सर्वप्रथम 1950 में अक्षयकीर्ति व्यास ने यहां उत्खनन प्रारम्भ करवाया। बाद में 1954 में आर.सी. अग्रवाल व 1961 में वी.एन. मिश्र व एच.डी. सांकलिया ने इसका व्यापक उत्खनन करवाया। यहां 1800 से 1200 ई.पू. की ताम्रयुगीन सभ्यता के अवशेष मिले हैं। खुदाई में यहां से मिट्टी की बनी दुर्लभ मूर्तियां मिली हैं, जिन्हें पुराविदों ने बनासियन बुल की संज्ञा दी है।

9. राजस्थानी भाषा का उत्पत्ति काल है-
(अ) ग्यारहवीं शताब्दी
(ब) बारहवीं शताब्दी का अन्तिम चरण
(स) तेरहवीं शताब्दी का प्रारम्भिक काल
(द) चौदहवीं शताब्दी
उत्तर - (ब)
राजस्थानी भाषा की उत्पत्ति शौरसेनी के गुर्जर अपभ्रंश से हुई। उद्योतनसूरी कृत 'कुवलयमाला' में वर्णित 18 देशी भाषाओं में मरुभाषा का भी उल्लेख मिलता है। राजपूताना की भाषा को 'राजस्थानी' शब्द सर्वप्रथम जॉर्ज अब्राहम ग्रियर्सन ने अपनी पुस्तक 'लिग्विस्टिक सर्वे ऑफ इण्डिया' में दिया। सन् 1650 से 1850 तक का काल 'राजस्थानी भाषा का स्वर्णयुग' माना जाता है।

10. शाहपुरा (भीलवाड़ा) में जिस संप्रदाय की पीठ स्थित है, वह है-
(अ) दादू संप्रदाय
(ब) वल्लभ संप्रदाय
(स) निम्बार्क संप्रदाय
(द) रामस्नेही संप्रदाय
उत्तर - (द)
[रामस्नेही सम्प्रदाय की स्थापना संत रामचरण जी ने की थी। इस सम्प्रदाय की चार पीठें निम्न हैं-
(1) शाहपुरा (भीलवाड़ा) - इस पीठ की स्थापना स्वयं रामचरणजी ने की। इन्होंने निर्गुण निराकार परब्रह्म राम की उपासना की।
(2) रैण (मेड़ता, नागौर) - इस पीठ के संस्थापक संत दरियाव जी थे, जिन्होंने दरिया पंथ की स्थापना की। दरियाव जी ने 'रा' को राम का तथा 'म' को मुहम्मद का प्रतीक बताते हुए हिन्दू मुस्लिम समन्वय की भावना को बल दिया।
(3) सिंहथल (बीकानेर) - इस पीठ की स्थापना हरिरामदास जी ने की।
(4) खेड़ापा (जोधपुर) - इसकी स्थापना संत रामदास जी ने की।]


11. राजस्थान में किस शहर को 'सन सिटी' के नाम से जाना जाता है?
(अ) जोधपुर
(ब) उदयपुर
(स) बीकानेर
(द) जैसलमेर
उत्तर - (अ)
[जोधपुर में वर्ष भर सूर्य का प्रकाश सर्वाधिक घंटों तक उपलब्ध रहता है इसलिए इस सुंदर व ऐतिहासिक शहर सूर्यनगरी कहा जाता है।]

12. राजस्थान के प्रत्येक राज्य में महकमा बकायत होता था, जो
(अ) अच्छी फसल के समय शेष-राजस्व वसूलता था।
(ब) राजा के बकायों का भुगतान करता था।
(स) सरकारी कर्मचारियों की बकाया संग्रह करता था।
(द) राजाओं के लिए ऋण संग्रह करता था।
उत्तर - (ब)

13. राजस्थान में 'बृहत सीमांत भ्रंश' फैला है, के सहारे -
(अ) बूंदी - सवाई माधोपुर की पहाडिय़ां
(ब) उदयपुर की पहाडिय़ां
(स) अलवर की पहाडिय़ां
(द) शेखावाटी - टोरावाटी की पहाडिय़ां
उत्तर - (ब)

14. राजस्थान के कौनसे जिलों में 'खस' घास उत्पादित होती है?
(अ) कोटा, बूंदी और झालावाड़
(ब) धौलपुर, करौली और अलवर
(स) अजमेर, भीलवाड़ा और चित्तौडगढ़़
(द) सवाई माधोपुर, भरतपुर और टोंक
उत्तर - (द)
खस एक विशेष प्रकार की घास होती है। जिसका उपयोग शरबत व इत्र बनाने में किया जाता है। इस घास का उत्पादन राजस्थान के सवाई माधोपुर, भरतपुर व टोंक जिलों में बहुतायत से होता है।

15. निम्नलिखित में से कौनसा एक कारण राजस्थान में मरुस्थलीकरण का नहीं है?
(अ) अतिचारण
(ब) वनोन्मूलन
(स) शहरीकरण
(द) अनुचित मृदा एवं जल प्रबन्धन
उत्तर - (स)
[मरुस्थलीकरण से अभिप्राय रेगिस्तान के बढ़ते विस्तार से है। राजस्थान के थार मरुस्थल का विस्तार पश्चिम से पूर्व की ओर प्रतिवर्ष एक किमी. की दर से हो रहा है। इस प्रदेश में शुष्क व अत्यधिक विषम जलवायु व रेतीली बलुई मिट्टी पाई जाती है। यह विश्व का सर्वाधिक आबादी व जनघनत्व वाला मरुस्थल है। थार मरुस्थल के विस्तार के मुख्य कारणों में अनियंत्रित पशु चारण, अनियंत्रित वनोन्मूलन, वर्षा की कमी, अनुचित मृदा एवं जल प्रबंधन, विषम एवं कठोर जलवायु आदि मुख्य है।]

 

आरपीएससी सामान्य ज्ञान प्रश्न श्रृंखला

आरपीएससी सामान्य ज्ञान प्रश्न - 1

आरपीएससी सामान्य ज्ञान प्रश्न - 2

आरपीएससी सामान्य ज्ञान प्रश्न - 3

आरपीएससी सामान्य ज्ञान प्रश्न - 4

 

No comments:

Post a Comment